
बिलासपुर, 7 सितंबर 2026 । बैंक ऑफ बड़ौदा, बिलासपुर क्षेत्र द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र के उद्यमियों को बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय उत्पादों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एमएसएमई आउटरीच प्रोग्राम का भव्य आयोजन जिला उद्योग कार्यालय के टाउन हॉल, बिलासपुर में किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 15 जिलों से आए लगभग 150 उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री दिवाकर प्रसाद सिंह, महाप्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा, रायपुर अंचल रहे।
उन्होंने उद्यमियों को संबोधित करते हुए भारतीय अर्थव्यवस्था में एमएसएमई क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा एमएसएमई उद्यमियों के लिए उपलब्ध विभिन्न ऋण योजनाओं, बैंकिंग उत्पादों एवं सुविधाओं की जानकारी साझा की तथा उद्यमियों को उनकी व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप बैंक की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष श्री हरीश केडिया ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए उद्यमियों को संबोधित किया।
उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र की निरंतर प्रगति एवं विकास पर चर्चा करते हुए प्रदेश एवं देश की अर्थव्यवस्था में इस क्षेत्र के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने उद्यमियों को बदलते व्यावसायिक परिवेश के अनुरूप नवीन तकनीक एवं आधुनिक व्यावसायिक पद्धतियों को अपनाने तथा उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा, बिलासपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख श्री प्रदीप कुमार यादव ने, उपस्थित उद्यमियों को संबोधित किया। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा की विकास यात्रा एवं देश की आर्थिक प्रगति में बैंक की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर क्षेत्र के एमएसएमई उद्यमियों की आवश्यकताओं को समझते हुए उन्हें उनकी जरूरत के अनुरूप बैंकिंग एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए बैंक प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों को बैंक ऑफ बड़ौदा की विभिन्न एमएसएमई ऋण योजनाओं, कार्यशील पूंजी सुविधा, टर्म लोन, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा अन्य वित्तीय उत्पादों की जानकारी दी गई।
साथ ही केंद्र एवं छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में भी जानकारी साझा की गई, ताकि अधिक से अधिक उद्यमी इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना, उनके व्यवसाय के विस्तार में सहयोग प्रदान करना, बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र उद्यमियों तक पहुंचाना रहा।कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों एवं उद्यमियों के बीच संवाद भी हुआ, जिसमें उद्यमियों ने अपनी व्यावसायिक एवं वित्तीय आवश्यकताओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बैंक अधिकारियों द्वारा उद्यमियों की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान किया गया तथा आवश्यक बैंकिंग सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा आयोजित यह एमएसएमई आउटरीच प्रोग्राम सफल एवं सार्थक रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए इसे एमएसएमई क्षेत्र के विकास, उद्यमिता को प्रोत्साहन तथा उद्यमियों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैंक ऑफ बड़ौदा, बिलासपुर क्षेत्र एमएसएमई उद्यमियों के साथ निरंतर संवाद एवं सहयोग के माध्यम से क्षेत्र में उद्यमिता, रोजगार एवं आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।






