
घोरावल, सोनभद्र। घोरावल थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में चोरी की घटनाओं से किसानों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस की कमजोर पेट्रोलिंग के चलते चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
चोर अब बेखौफ होकर रात के अंधेरे में गांव में दाखिल हो रहे हैं और किसानों के खेतों में लगे नलकूपों को निशाना बना रहे हैं।
ताजा मामला घोरावल थाना क्षेत्र के ग्राम पनौली का है, जहां 30 अगस्त की रात खेत में लगे नलकूप को चोरों ने चोरी कर लिया।
घटना की जानकारी पीड़ित द्वारा तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 और घोरावल थाना प्रभारी को दूरभाष के माध्यम से दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर वापस लौट गई।
लेकिन घटना के 07 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से चोरों की गिरफ्तारी या मामले के खुलासे को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
पनौली गांव जिला मुख्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय से करीब 22 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
ऐसे में ग्रामीण पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। अब देखना होगा कि घोरावल पुलिस कब तक चोरों तक पहुंचने में सफल होती है।








